सदर तहसील क्षेत्र में 300 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा
बिजनौर। बिजनौर सदर तहसील क्षेत्र की करीब 300 बीघा सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे हैं। शासन को अवैध कब्जों से लाखों के राजस्व का नुकसान हो रहा है। अब जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जा रहा है, जिसके लिए अभियान शुरू हो गया है। इसी के तहत तहसील में लेखपाल और कानूनगो की 20 टीमों का गठन किया गया है।
तहसीलदार सदर प्रीति सिंह ने बताया कि बिजनौर सदर तहसील क्षेत्र में मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक तथा हल्दौर ब्लॉक क्षेत्र के गांव आते हैं। इन गांवों में पंचायत राज, वन विभाग, नहर विभाग आदि सरकारी महकमों की सैकड़ों बीघा जमीन है। आरोप है कि सरकारी जमीनों पर कुछ माफिया ने अवैध कब्जे कर लिए हैं। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। बताया कि सबसे पहले अवैध कब्जे वाली जमीनों को चिह्नित करने के लिए अभियान चला। सदर तहसील क्षेत्र में करीब 300 बीघा जमीन को चिह्नित कर लिया गया है। अब अवैध कब्जे हटाने का अभियान शुरू हो गया है। करीब 75 बीघा सरकारी जमीन कब्जा मुक्त हो गई है।
अवैध कब्जे खादर क्षेत्र में अधिक
तहसीलदार सदर प्रीति सिंह ने बताया कि खादर क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे अधिक हैं। भूमाफिया ने गंगा किनारे के आसपास की सैकड़ों बीघा जमीन कब्जा रखी है। कहा कि एक-एक इंच सरकारी जमीन कब्जा मुक्त कराई जाएगी। इसके लिए कानूनगो की क्षेत्रवार 20 टीमें बनाई गई हैं। टीम में राजस्व अधिकारी, हल्का लेखपाल आदि शामिल हैं। सुरक्षा के लिए हर टीम के साथ पुलिस फोर्स रहेगा।