- मौके से पकड़े गए डंपरों के मालिकों की शिनाख्त को नंबर किए जा रहे तस्दीक
- चार आरोपी भेज दिए गए थे जेल, अभी औरों की तलाश में लगी है पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। खो नदी में अवैध खनन करने वाले आरोपी भूमिगत हो गए है। जिन्हें पुलिस के शिकंजे का डर सता रहा है। दरअसल मौके से पकड़े गए डंपरों के नंबर तस्दीक कर उनके मालिकों की शिनाख्त की जाएगी। नाम प्रकाश में आने के बाद पुलिस इन भी कार्रवाई करेगी।
नगीना देहात पुलिस डंपरों को नंबर तस्दीक करने के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेज रही है। बता दें कि शुक्रवार की देर शाम एसपी नीरज कुमार जादौन के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन की टीम ने नगीना देहात थाना क्षेत्र में स्थित खो नदी में छापामारी की थी। उस वक्त खो नदी में टीम को अवैध खनन होता मिला। यह अवैध खनन उस जगह से तीन किलोमीटर दूर किया जा रहा था, जहां खनन के लिए पट्टा दिया गया था। हालांकि सूचना लीक हो जाने की वजह से अवैध खनन करने वाले मुख्य आरोपी पोकलेन मशीन और जेसीबी लेकर मौके से भाग गए थे। कई डंपर और ट्रैक्टर ट्राली वाले भी भागने में सफल रहे लेकिन पुलिस ने फिर भी मौके से 12 डंपर और छह ट्रैक्टर ट्राली पकड़कर सीज किए। इतना नहीं इन डंपरों के खिलाफ केस दर्ज हुआ। जिसमें पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। बाकी आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
उधर मुख्य आरोपी भूमिगत हो गए हैं। जिन्हें पुलिस की कार्रवाई का डर सता रहा है। बताया जा रहा है कि खनन करने वाले आरोपियों में कई रसूखदार भी शामिल है। जिनकी शह पर नदी में खनन सामग्री की खोदाई की जा रही थी। बता दें कि इनसे मिलीभगत रखने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उधर इतने बड़े स्तर पर अवैध खनन होने के बाद तहसील प्रशासन भी सवालों के घेरे में है। एसपी देहात राम अर्ज ने बताया कि मामले में विवेचना चल रही हैा जो भी नाम प्रकाश में आएंगे, उनके के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।