बिजनौर के मंडावली में मंदबुद्धि पुत्र के इलाज के लिए तांत्रिकों ने एक विधवा से उसकी जमीन बिकवाकर 17.5 लाख रुपये और आभूषण ठग लिए। महिला ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
गांव हुकूमतपुर केशो उर्फ गांवड़ी निवासी मुन्नी देवी ने बताया कि नांगल निवासी संदीप शर्मा, योगेंद्र जोशी और उसके एक साथी तांत्रिक पर उसके घर आकर उसके मंदबुद्धि पुत्र का इलाज तांत्रिक विद्या से कर उसे ठीक करने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि पैसा न होने की बात कहने पर तांत्रिकों ने उस पर जमीन बेचने का दबाव बनाया। तांत्रिकों ने उसे पुत्र की मृत्यु होने की बात कहकर कई बार डराया।
इसके बाद ठगों ने उसकी जमीन बिकवा दी और 17.5 लाख रुपये नगदी और सोने-चांदी के आभूषण ठग लिए। महिला ने तांत्रिकों पर किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। उधर, थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।