नहटौर मैं आइसक्रीम फैक्ट्री को बंद करने की कार्यवाही करते अधिकारी स्रोत विभाग
नहटौर/बिजनौर। खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन की टीम ने जनपद में अलग-अलग स्थानों पर छापामारी कर 12 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। वहींं, एक आइसक्रीम फैक्टरी में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई तथा कमियों को दूर करने तक फैक्टरी को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया।
बृहस्पतिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से जनपद भर में अभियान चलाया गया। टीम ने नहटौर क्षेत्र के गांव बैरमाबाद गढी स्थित शान आइसक्रीम फैक्टरी पर छापेमारी कर तीन नमूने लिए। फैक्टरी में गंदगी व्याप्त होने तथा प्रयुक्त पानी की गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट न होने पर फैक्टरी का संचालन कमियों को दूर करने तक तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया।
इसके अलावा टीम ने धामपुर नगर में स्थित ब्लू फ्रेश व बिंदास आइसक्रीम फैक्टरी से छह नमूने तथा मो. यासीन की दुकान से बूंदी के लड्डू का एक नमूना लिया। इससे पूर्व टीम ने बुधवार की रात मंडावर मेले से हलवे व सोफ्टी का नमूना लिया था। अभिहीत अधिकारी नादिर अली ने बताया कि संग्रहित किए गए नमूनों को राजकीय खाद्य प्रयोगशाला में भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।