बिजनौर में आखिरकार दो साल बाद पराग को उपभोक्ताओं की याद आ ही गई। हर रोज चढ़ रही महंगाई में कुछ राहत देते हुए दो साल बाद पराग द्वारा पॉली पैक दूध में एक रुपये की कमी की गई है। हालांकि किसानों को दिए जा रहे मूल्य में कोई कटौती नहीं की गई है।
पिछले करीब दो सालों से पराग के फुल क्रीम दूध के रेट 48 रुपये व टोंड दूध के मूल्य 38 रुपये प्रति लीटर दूध बिकता है। बीते साल सर्दियों में किसानों के दूध का मूल्य चार से पांच रुपये प्रति लीटर कम करने के बावजूद पराग द्वारा पॉली पैक दूध के मूल्य में कमी नहीं की गई है, लेकिन चढ़ती महंगाई में पराग ने उपभोक्ताओं को मामूली राहत दी है। फुल क्रीम व टोंड पॉली पैक दूध में एक रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है।
अब फुल क्रीम दूध 47 रुपये व टोंड 37 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। पराग के जीएम दलजीत सिंह के मुताबिक पॉली पैक मूल्य में कटौती की गई है। किसानों से लिए जा रहे दूध का मूल्य नहीं घटाया गया है। पराग के इस निर्णय से उपभोक्ताओं और किसान दोनों को लाभ होगा।