नगीना। बृहस्पतिवार को विद्युत निगम की टीम ने ग्राम हरबंशपुर धारम के संविलियन पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर के ऊपर से निकल रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को हटा दिया। लाइन को स्कूल परिसर से बाहर कर दिया गया है।
बुधवार को एचटी लाइन की चपेट में आकर कक्षा सात का छात्र हरीश घायल हो गया था। अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए विद्युत निगम की टीम ने बृहस्पतिवार को सुबह से ही स्कूल परिसर में डेरा डाल दिया। एसडीओ विद्युत रामकेश का कहना है कि हाईटेंशन विद्युत तारों को स्कूल परिसर से बाहर कर दिया गया है। इसके लिए दो नए बिजली खंभे लगाए गए। उनका कहना है कि हाई टेंशन तारों से लोगों की भविष्य में सुरक्षा के लिए इसमें जाल लगाने का काम भी किया जाएगा। हाईटेंशन तार की चपेट में आने से झुलसे छात्र के परिजनों की मदद के लिए उच्च अधिकारियों को लिख दिया गया है।