- फर्जी मामले पकड़ने के लिए महानिदेशक लखनऊ ने जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। सरकार ने मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस सेवा शुरू की। मगर, कुछ जगह फर्जी केस दिखाकर एंबुलेंस का संचालन हो रहा है। इसको लेकर अब स्वास्थ्य विभाग एंबुलेंस सेवा का सत्यापन करेगा। एंबुलेंस से कितने मरीजों को अस्पताल पहुंचाया। जिले में 108 ईएमटीएस, 102 राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा, एएलएस एंबुलेंस सेवा संचालित हैं। 108 एंबुलेंस सेवा सामान्य मेडिकल इमरजेंसी, दुर्घटनाओं या गंभीर बीमारियों के लिए है। जबकि, 102 राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों के लिए चालू है। वहीं, एएलएस एंबुलेंस सेवा का प्रयोग गंभीर रूप से बीमार या घायल मरीजों के लिए होता है। कुछ जिलों में इनमें से 108 और एएलएस एंबुलेंस सेवा के तहत फर्जी ट्रिप किए जा रहे हैं। जिले में इसके सत्यापन के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं महानिदेशक ने सीएमओ को निर्देश जारी किए हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंबुलेंस सेवा की ट्रिप के सत्यापन की तैयारी चल रही है। अगर, सत्यापन के बाद सेवाप्रदाता द्वारा प्रदान की गई सेवाओं में किसी भी प्रकार का विचलन होता है तो इसकी जिम्मेदारी सीएमओ की होगी।
एंबुलेंस सेवा ट्रिप का सत्यापन किया जाएगा। सभी एमओआईसी अपने क्षेत्र में संचालित होने वाली एंबुलेंस का सत्यापन करेंगे। फर्जी ट्रिप पकड़े जाने वाली सूचना मुख्यालय को भेजेंगे। ....डॉ. केके राहुल, नोडल अधिकारी, एंबुलेंस सेवा, बिजनौर