बिजनौर। मेडिकल अस्पताल में धीरे-धीरे स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाई जा रहीं हैं। अब मरीजों को हार्मोनल जांच के लिए निजी पैथोलॉजी लैब के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब मेडिकल अस्पताल में ही हार्मोनल जांच हो सकेगी। अस्पताल में जांच मशीन आ गई है। जिसे अगले सप्ताह से शुरू करने की तैयारी है।
मेडिकल अस्पताल में अभी तक 46 तरह की जांच की जा रहीं थीं। मगर अब मरीजों को हार्मोनल जांच की सुविधा मिलेगी। अस्पताल में हार्मोनल जांच के लिए आरकेटेक हार्मोनल एनालाइजर मशीन मंगाई गई है। जिसकी कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मशीन के जरिए मरीजों की 22 तरह की हार्माेनल जांच होगी।
मिली जानकारी के अनुसार इस मशीन में एक बार में 65 सैंपल लगाए जा सकते हैं। मेडिकल अस्पताल में ही हार्मोनल जांच शुरू होने से मरीजों को काफी फायदा मिलेगा। ये जांच कराने में मरीजों के निजी लैब में पसीने छूट जाते हैं। 22 हार्माेनल जांच की कीमत निजी पैथोलॉजी लैब में 13 हजार रुपये से अधिक है। मेडिकल अस्पताल में जांच शुरू होने से मरीजों को काफी लाभ होगा।
- अस्पताल में अब हो सकेंगी ये हार्मोनल जांच
मेडिकल अस्पताल में हार्मोनल जांच की नई शुरूआत की जा रही है। अब एफटी3, एफटी4, टीटी3, टीटी4, टीएसएच, एंटी टीपीओ, बीटा एचसीजी, फ्री बीटा एचसीजी, एफएसएच, एलएच, प्रोलैक्टिन, टेस्टोस्टेरोन, डीएचईएएस, एसएचबीजी, बी12, फेरिटिन, इंसुलिन, एएफपी, टोटल पीएसए, सीए125 टेस्ट हो सकेंगे।
- निजी पैथोलॉजी लैब में हार्मोनल जांच की कीमत
जांच का नाम कीमत
एफटी3, एफटी4, टीएचएस 600
टीटी3, टीटी4, टीएसएच 250
एंटी टीपीओ 1500
बीटा एचसीजी 500
फ्री बीटा एचसीजी 600
एफएसएच 600
एलएच 600
प्रोलैक्टिन 500
टेस्टोस्टेरोन 660
डीएचईएएस 1100
एसएचबीजी 2500
बी12 1200
फेरिटिन 440
इंसुलिन 800
एएफपी 900
टोटल पीएसए 750
सीए125 1300
नोट : हार्मोनल जांच के दाम निजी पैथोलॉजी लैब से लिए गए है।
- साइंटिफिक ऑफिसर डॉ. इंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रयोगशाला सूचना प्रणाली का काम किया जाएगा। इसके अलावा मशीन इंस्टॉलेशन का काम चल रहा है। जिसके चलते हार्मोनल जांच शुरू होने में करीब एक सप्ताह का समय लग जाएगा।
- वर्जन : मेडिकल अस्पताल में हार्माेनल जांच मशीन आ गई है। मशीन के स्थापित होते ही जांच शुरू हो जाएंगी। मरीजों को इससे काफी फायदा मिलेगा। अभी तक सरकारी अस्पताल में थायराइड सहित कई जांच नहीं होती थी। हार्माेनल जांच की शुरूआत मरीजों के लिए वरदान साबित होगी। -डॉ. मनोज सेन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, बिजनौर