फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bijnor News: करंट लगने से किसान की मौत पर हाईवे किया जाम

Fri, 19 Sep 2025 11:50 PM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिजनौर
विज्ञापन
नूरपुर में किसान की करंट से मौत के विरोध में सड़क पर शव रखकर जाम लगाते परिजन व ग्रामीण। संवाद
विज्ञापन
नूरपुर (बिजनौर)। गांव असदपुर धमरौली में शुक्रवार को खेत से चारा लेने गए किसान वीरेंद्र चौहान (48) की बिजली लाइन के खंभे के सपोर्ट तार में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने गांव के पास मुरादाबाद-बिजनौर स्टेट हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप शर्मा, एसडीओ नवरतन सिंह और जेई विनय शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विज्ञापन

घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। ग्रामीणों ने बताया कि वीरेंद्र चौहान के खेत में नलकूप के ऊपर से गुजर रही एलटी विद्युत लाइन के तार ढीले और नीचे लटके हुए हैं। चारा काटते हुए वह खंभे को सपोर्ट देने के लिए लगे तार में आ रहे करंट की चपेट में आ गए। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजन उन्हें खोजते हुए खेत पर पहुंचे। मौके पर किसान को गंभीर अवस्था में देखकर परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, वहां चिकित्सकों ने वीरेंद्र चौहान को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
दोपहर करीब डेढ़ बजे गुस्साए ग्रामीण और भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने शव को नूरपुर-बिजनौर मार्ग पर रख कर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे लगे जाम से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने और बिजली विभाग के अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसडीएम नितिन तेवतिया, तहसीलदार आलोक कटियार मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिशासी अभियंता, एसडीओ तथा जेई को थाने ले आई। इस पर करीब तीन घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतक के पुत्र अंकित ने तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई।
विज्ञापन

पांच लाख की सहायता का दिया आश्वासन
किसानों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। एसडीएम नितिन तेवतिया के आश्वासन पर जाम खोला गया। उन्होंने बताया कि मृतक के परिवार को पांच लाख रुपये की विभागीय सहायता दिलाने की प्रक्रिया को पूरा कराने का आश्वासन दिया। साथ ही जर्जर तारों को बदलवाने की भी बात कही।
करंट से किसान की मौत के मामले में बिजली अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी बिजली अधिकारियों को थाने बुलाया गया है। ...देश दीपक, सीओ चांदपुर

नूरपुर में किसान की करंट से मौत के विरोध में सड़क पर शव रखकर जाम लगाते परिजन व ग्रामीण। संवाद

नूरपुर में किसान की करंट से मौत के विरोध में सड़क पर शव रखकर जाम लगाते परिजन व ग्रामीण। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें