अफजलगढ़ में बनैली नदी के क्षतिग्रस्त पुल पर हाईटगेज व कंक्रीट के ब्लाक लगाते लोक निर्माण विभाग
अफजलगढ़। भूतपुरी स्थित बनैली नदी के क्षतिग्रस्त पुल पर एसडीएम के निर्देश के बाद हाइट गेज व कंक्रीट के ब्लाॅक लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
भूतपुरी से उत्तराखंड के जसपुर जाने वाले मार्ग पर बनैली नदी पर बना पुल पुराना और क्षतिग्रस्त हो चुका है। विभाग की ओर से भी भारी वाहनों के आवागमन के लिए खतरनाक घोषित हो चुका है। वर्ष 2024 को लोक निर्माण विभाग की ओर से पुल पर भारी वाहनों के गुजरने पर रोक लगाने के लिए हाइट गेज लगाए गए थे, लेकिन बड़े वाहन चालकों ने उसे तोड़ दिया था। इसके बाद पुल के दोनों ओर कंक्रीट के भारी ब्लाॅक रखवाए थे। इन्हें भी हटा दिया गया था। पुल के नीचे व ऊपर गार्डर में वर्टिकल क्रैक हैं, लेकिन चालक भारी वाहन इस पुल से गुजार रहे थे।
अमर उजाला ने 24 जून के अंक में प्रमुखता के साथ समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद बृहस्पतिवार को एसडीएम रीतू रानी ने खबर का संज्ञान लेते हुए सीओ राजेश सिंह सोलंकी तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ पुल का निरीक्षण किया। उनके निर्देश पर शनिवार को लोक निर्माण विभाग के जेई ज्ञानचंद्र ने पुल पर जेसीबी की मदद से हाइट गेज व क्रंक्रीट के भारी ब्लाॅक लगवा दिए।