थाना समाधान दिवस में शिकायतों की सुनवाई
मंडावली/नजीबाबाद। एसडीएम बृजेश कुमार सिंह और सीओ गजेंद्र पाल सिंह थाना मंडावली में शनिवार को थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान की उपस्थिति में थाना समाधान दिवस में शिकायतें सुनने पहुंचे। गांव नारायणपुर निवासी सुल्तान ने मौजा कामगारपुर में मेढ़ संबंधी विवाद की शिकायत की। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या की जानकारी की। सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने सर्किल के थानों को थाना दिवस में आने वाली शिकायतों का गुणवत्ता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए। नजीबाबाद थाने में थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह, एसएसआई राजीव चौधरी ने थाना समाधान दिवस में आईं शिकायतों की सुनवाई की। पुलिस और राजस्व कर्मचारियों ने सात शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रयास शुरू किए। थाना प्रभारी ने शिकायतों के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
उधर नांगलसोती में थानाध्यक्ष संजय पांचाल ने शहजादपुर निवासी यूसुफ की गंगा खादर क्षेत्र में जमीन की पैमाइश संबंधी शिकायत की सुनवाई कर निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।