बिजनौर। मेडिकल कॉलेज के वार्ड में भर्ती मरीज गर्मी से तप रहे थे। अमर उजाला में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित होने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन की नींद टूटी तो वार्ड सहित इमरजेंसी, ओपीडी में 20 कूलर लगाए गए। इस से वार्ड में भर्ती मरीजों को गर्मी से काफी राहत मिली।
मेडिकल कॉलेज के एक वार्ड में छह मरीज और आठ तीमारदार होने से गर्मी से लोगों का बुरा हाल था। वार्ड में लगे पंखे भी गर्म हवा फेंक रहे थे। कूलर की कोई व्यवस्था नहीं थी। इसे लेकर अमर उजाला के 23 मई के अंक में वार्ड में उमस, पंखों की गर्म हवा से मरीज बेहाल शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी।
इसके बाद सर्जरी वार्ड में चार, मेडिसिन वार्ड में 10, इमरजेंसी में दो, टीबी एवं छाती विभाग ओपीडी में एक, पैथोलॉजी में एक, ओपीडी पंजीकरण परिसर में दो कूलर लगवाए गए। इसके अलावा अस्पताल में ओपीडी सहित अन्य जगह 12 वॉल फैन लगाए हैं।
अस्पताल मैनेजर निखिल सक्सेना ने बताया कि प्राचार्य के निर्देश पर वार्ड में कूलर लगाए गए हैं। प्राचार्य डॉ. तुहीन वशिष्ठ का कहना है कि मरीजों के हित में मेडिकल कॉलेज में काम किया जा रहा है। वार्ड में भर्ती मरीज और तीमारदारों को गर्मी में राहत दिलाने के लिए कूलर की व्यवस्था की गई है।