‘वैक्सीनेशन की तैयारियों जल्द पूरा करे स्वास्थ्य विभाग’
बिजनौर। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग कोरोना वैक्सीन के सभी चरणों के लिए अपनी तैयारियों को पूरा करे और जिन अस्पतालों के डाटा अभी अपलोड नहीं हुए हैं, उन्हें समय से पूरा करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों को समय से प्रशिक्षण दें, जिससे ठीक से वैक्सीनेशन हो सके। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि टीकाकरण कार्य में अभी भी तेजी लाने की आवश्यकता है, जिससे टीकाकरण कार्यक्रम में जनपद की स्थिति बेहतर हो सके।
विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने कोविड-19 वैक्सीनेशन संबंधी टास्क फोर्स की बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस की वैक्सीन आने पर सबसे पहले फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर्स का टीकाकरण होगा। इसके लिए उन्होंने हेल्थ वर्कर्स का डाटाबेस तैयार करने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विजय कुमार यादव समेत अन्य सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस डाटाबेस का कार्य जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। डीएम ने सीएमओ निर्देश दिए कि पहले चरण के तहत सभी सरकारी-निजी अस्पतालों के कर्मचारियों, क्लीनिक, नर्सिंग होम में कार्यरत चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास में कार्यरत सभी आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के डेटाबेस को निर्धारित प्रारूप पर जल्द से जल्द तैयार कराएं।
उन्होंने कहा कि गलती से भी किसी कार्मिक का डाटा फीड होने से वंचित न रहे। इसके लिए बेहद सावधानी से इसे तैयार किया जाए। डीएम ने कहा कि अभी कोरोना की वैक्सीन आई नहीं है, लेकिन वैक्सीन आने पर शासन की गाइडलाइन के अनुसार ही वैक्सीनेशन कराया जाएगा। इस दौरान जिलाधिकारी ने जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में कोल्ड चैन, मेडिकल स्टोरेज, मैनपावर आदि की भी गहनता से समीक्षा की। इस दौरान निर्धारित प्रारूप पर डाटा फीडिंग करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़, सीएमओ विजय कुमार यादव, एसडीएम सदर विक्रादित्य सिंह मलिक, जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी महेश चंद, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीप्ति भार्गव सहित सभी एमओआईसी, सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक, निजी चिकित्सक आदि मौजूद रर्हे।