जागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट मांग रहा स्वास्थ्य विभाग
बिजनौर। जिले में संक्रामक रोग से बचाव के लिए संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। जिसके लिए माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। इसी के तहत स्वास्थ्य विभाग शिक्षा विभाग से सप्ताह भर किए गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मांग रहा है। शिक्षा विभाग ने एक सप्ताह में 23 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया है।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान में स्वास्थ्य विभाग सहित 11 विभाग सहयोग कर रहे हैं। इनमें से एक शिक्षा विभाग भी है। शिक्षा विभाग को रोजाना एक स्कूल की ओर से गांव में संक्रामक रोग से बचाव के लिए रैली निकालने का कार्य माइक्रो प्लान में तय किया गया है। वहीं अभियान के तहत संक्रामक रोगों के बारे में पोस्टर प्रतियोगिता या अन्य प्रतियोगिताएं कराना शामिल किया गया है। साथ ही परिजनों को बैठक में बुलाकर संक्रामक रोगों से बचाव और साफ-सफाई के बारे में जागरूक करने के लिए माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। जिले में 2369 प्राइमरी स्कूल हैं। जिनमें से 532 स्कूलों में अभियान के तहत कार्यक्रम चलाए जा चुके हैं। बचे हुए प्राइमरी स्कूलों में 31 अक्तूबर तक लक्ष्य पूरा करना है।
वर्जन...
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत सभी विभाग काम कर रहे हैं। सभी विभागों सेे कार्यों की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट मांगी जा रही है। माइक्रो प्लान के आधार पर शिक्षा विभाग ने 23 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है।
- आशुतोष सिंह, जिला प्रभारी मलेरिया अधिकारी