एक हजार कक्ष निरीक्षकों की निगरानी में 20 केंद्रों पर 22 हजार देंगे परीक्षा
बिजनौर। प्रशासन ने पैट प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली है। परीक्षा के लिए 10 सेक्टर तथा छह जोन बनाए गए हैं। 20 केंद्रों पर 22हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा में त्रिस्तरीय चेकिंग की व्यवस्था। अभ्यर्थी को परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना है।
यूपीएसएसएससी द्वारा आयोजित प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पैट) 15 अक्टूबर से है। परीक्षा दो दिन है, एक दिन में दो पाली है और कुल चार पाली है। एक पाली में 5000 से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पहली पाली का समय सुबह 10 बजे से 12 बजे है और दूसरी पाली का समय शाम तीन बजे से पांच बजे तक है।
अभ्यर्थी को पहली पाली में सुबह साढ़े नौ बजे तथा दूसरी पाली में ढाई बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना है। इसके बाद परीक्षा में प्रवेश नहीं मिलेगा। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार परीक्षा क्षेत्र में 10 सेक्टर व छह जोन है। एसडीएम जोनल मजिस्ट्रेट है। हर पाली में करीब 800 कक्ष निरीक्षक ड्यूटी देंगे। स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक के साथ ही एक हजार कक्ष निरीक्षकों की भी ड्यूटी परीक्षा संपन्न कराने में लगाई गई है।
परीक्षा को पूरी तरह नकल विहीन कराने के लिए त्रिस्तरीय तलाशी व्यवस्था तैयार की गई है। मोबाइल आदि इलेक्ट्रॉनिक सामान लाना पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। पुलिस की भी व्यवस्था रहेगी।