धामपुर पीएचसी में कर्मचारियों को निर्देशित करते प्रभारी चिकित्सक डा. पीके गुप्ता
- फोटो : DHAMPUR
कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
बिजनौर, धामपुर। पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ पीके गुप्ता ने अस्पताल में आशा, संगिनी और महिला स्वास्थ्य कर्मचारियों की कोरोना वायरस को लेकर बैठक की। कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वह अपने क्षेत्र का भ्रमण कर निगाह रखें और यदि कोई संदिग्ध रोगी पाया जाता है। तो तत्काल अस्पताल को सूचित करें।
अस्पताल परिसर में हुई बैठक में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि इस मामले में आशाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। आशा गृह भ्रमण के दौरान ऐसे व्यक्ति की सूचना तत्काल प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को दें। जिन्होंने पिछले 14 दिनों में विदेश यात्रा की है या विदेश यात्रा किए व्यक्ति के संपर्क में आए हैं। उन्हें परिवार के अन्य सदस्यों से अलग रखा जाए। ऐसे लोगों का परीक्षण जरूर होगा। ऐसे लोगों से घर के सदस्यों एवं अन्य लोगों के साथ संपर्क सीमित करने और अलग कमरे में सोने की सलाह दें। कोरोना वायरस से प्रभावित अधिकांश रोगी सही हो जाते हैं। अत: घबराए बिल्कुल नहीं।
इस वायरस की रोकथाम के लिए हाथ धोने के छह तरीकों को बताया। कहा कि हाथों को बार बार साबुन एवं साफ पानी से अच्छी तरह से धोएं। नाक और मुंह को टिशू या रुमाल से ढके। इस्तेमाल किए टिशु को कूड़ेदान में फेंके। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने दस्तक कार्यक्रम के तहत मच्छर और बीमारी से बचाव की जानकारी दी। बताया कि घर के अंदर और बाहर पानी न जमने दें। कूलर, पशु पक्षियों के बर्तनों में भरा पानी रोज बदलें। फ्रिज के नीचे पानी एकत्र न होने दें। खुला जल भंडारण न हो, टैंक के पानी को बदलते रहना चाहिए। उन्होंने फुल आस्तीन वाली कमीज पहनने, नियमित मच्छरदानी लगाकर सोने, हमेशा शौचालय का प्रयोग करने, खाने से पहले और शौच के बाद अपने हाथ साबुन से धोने, इंडिया मार्का हैंडपंप का पानी उपयोग करने, पानी को उबालकर पीने, पानी को क्लोरीन की गोली से शुद्ध करने, गड्ढों में जहां पानी जमा हो उसे मिट्टी से भर देने की सलाह दें।