बिजनौर। थाना बढ़ापुर में प्रभारी निरीक्षक रहे नीरज कुमार के साथ शादी का दावा करने वाली हेड कांस्टेबल की गुमशुदगी मुरादाबाद में दर्ज हो चुकी थी। हालांकि मुरादाबाद पुलिस ने अब हेड कांस्टेबल के मिल जाने का दावा किया है।
बिजनौर के थाना बढ़ापुर में प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने पिछले दिनों एक अश्लील वीडियो थाने के ग्रुप पर अपलोड कर दिया था। वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार को एसपी केके बिश्नोई ने नीरज कुमार को निलंबित कर दिया था। इसके बाद शुक्रवार को एक और वीडियो सामने आया, जिसमें नीरज कुमार और जीआरपी की हेड कांस्टेबल एक मंदिर में खड़े नजर आए। वीडियो में हेड कांस्टेबल की ओर से दावा किया गया कि उन दोनों ने मानसिक रूप से विवाह कर लिया है। हेड कांस्टेबल ने यह भी कहा था कि फर्जी वीडियो वायरल किया जा रहा है।
वहीं मुरादाबाद के थाना मंझौला में हेड कांस्टेबल के देवर की ओर से गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसमें कहा गया कि जीआरपी पुलिस लाइन के पास एक कॉलोनी में रहने वाली हेड कांस्टेबल 22 अक्तूबर को ड्यूटी जाने के लिए निकली थी लेकिन घर नहीं लौटी। गुमशुदगी के बाद बाकायदा पोस्टर भी चस्पा हो गए। हालांकि मंझौला थाने के प्रभारी रविंद्र ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज की गई थी, अब हेड कांस्टेबल मिल चुकी है।