अर्द्धवार्षिक परीक्षा के अंक वेबसाइट पर होंगे अपलोड
बिजनौर। यूपी बोर्ड के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के गृह परीक्षा के अंक बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड होंगे। बोर्ड कोरोना जैसे संकट से उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए इस तरह के फैसले ले रहा है। डीआईओएस ने बोर्ड के आदेश के अनुपालन में निर्देश विद्यालयों को भेजे हैं।
शिक्षण संस्थाएं कोरोना के चलते बंद रहीं। छात्र-छात्राएं स्कूल नहीं आए। यूपी बोर्ड ने वर्ष 2021 की गृह परीक्षा में सभी छात्रों को अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया था। जबकि कक्षा 10, 12 के छात्रों को जनरल प्रमोशन दे दिया गया था। बोर्ड ने परीक्षा में अंक आवंटन के लिए फार्मूला तय किया था। डीआईओएस के मुताबिक कुछ विद्यालयों के छात्रों के अर्द्ध वार्षिक परीक्षा के अंक नहीं मिले, इस श्रेणी के छात्रों की अंक तालिका पर प्रमोट लिखा गया था। बोर्ड ने कोरोना संकट से उत्पन्न ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए छात्रों के गृह परीक्षा के अंक बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करने का फैसला लिया है।
दाखिले से वंचित रह गए विद्यार्थी
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की वार्षिक परीक्षा में वर्ष 2021 में जनरल प्रमोशन दिया गया था। बोर्ड ने छात्रों को अर्द्ध वार्षिक परीक्षा में मिले अंक के आधार पर तय फार्मूला से अंक आवंटित किए थे। अनेक छात्रों के अर्द्ध वार्षिक परीक्षा के अंक नहीं मिले। जिससे ऐसे छात्रों को वार्षिक परीक्षा के विषयों में अंक नहीं मिले। साथ ही परीक्षा में उन्हें कोई श्रेणी भी नहीं मिली। इनकी मार्कशीट पर केवल प्रमोट लिखा गया है। इन छात्रों को कक्षा 12 पास करने के बाद डिग्री कॉलेज में दाखिला नहीं मिला। डिग्री कॉलेज में मेरिट से दाखिले होते हैं। छात्रों दाखिले को अंक अपलोड करने होते हैं। कक्षा 12 की परीक्षा में अंक नहीं होने से छात्रों को दाखिला नहीं मिला। नौकरी के लिए आवेदन करने में भी यह समस्या आ सकती है।
अंक अपलोड करने की समय सीमा तय
डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि शासन ने विद्यालयों को अर्द्ध वार्षिक परीक्षा कराने का शेड्यूल जारी किया था। यूपी बोर्ड के स्कूलों में अर्द्ध वार्षिक परीक्षा नवंबर के तीसरे सप्ताह में होनी तय थी। बताया कि सभी विद्यालयों में अर्द्ध वार्षिक परीक्षा हो गई है। विद्यालयों को बोर्ड के निर्देश के अनुसार कक्षा नौ के संस्थागत छात्रों के अर्द्ध वार्षिक लिखित परीक्षा तथा कक्षा 11 के संस्थागत छात्रों के अर्द्ध वार्षिक परीक्षा के प्रयोगात्मक व लिखित परीक्षा के अंक बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in पर तीन दिसंबर तक अनिवार्य रूप से अपलोड करने है।