करौली में दिखे गुलदार, ग्रामीणों में दहशत
मंडावली। मंडावली क्षेत्र के गांव करौली के खेतों में दो गुलदार और दो बच्चे देखे जाने ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सामाजिक वानिकी विभाग को देकर गुलदारों को पकड़कर वन क्षेत्र में छोड़ने की अपील की।
गांव करौली के गन्ना सेंटर के पास सोमवार को सुबह करीब दस बजे ग्रामीण शिवकुमार, संजीव ने एक गुलदार का जोड़ा और उनके दो बच्चों को तालाब के पास देखे। गुलदार को देखकर दोनों ग्रामीण सहम गए। उन्होंने गुलदार को देखकर शोर मचाया तो अन्य ग्रामीण रवि, छोटू, बिजेंदर, सोनू , अरुण, मोनू, आशु, उज्ज्वल भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों को देखकर गुलदार अपने बच्चों को लेकर पास के गन्ने के खेत में घुस गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सामाजिक वानिकी विभाग को दी, लेकिन कोई अधिकारी और कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। गांव के पास गुलदार को देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने अकेले खेतों पर जाना भी छोड़ दिया है। ग्रामीणों वानिकी विभाग से जल्द गुलदार और उनके बच्चों को पकड़कर वन क्षेत्र में छुड़वाने की मांग की है।