हल्दौर/ झालू (बिजनौर)। गांव धर्मपुरा में गुलदार देखे जाने पर किसानों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर खेत को घेर लिया। सूचना पर पहुंचा वन विभाग ने गन्ने के खेत में पिंजरे में बकरी व आसपास के खेतों में जाल लगवाया। इसके अलावा वन विभाग की टीम ने गन्ने के खेत में तीन कैमरे भी लगवाए हैं। गांव में गुलदार देखे जाने से ग्रामीण भयभीत हैं। एक दिन पहले गांव बल्दिया एवं झालू के समीप ट्रेन से कटकर एक मादा गुलदार की मौत हो चुकी है।
गांव धर्मपुरा निवासी महावीर सिंह का बिजनौर-मुरादाबाद हाईवे से गांव की ओर जाने वाले मार्ग के किनारे गन्ने का खेत है। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे गांव के हरेंद्र सिंह, सुनील कुमार, शीशपाल, जोगेंद्र, वैभव आदि लोगों के अपने जंगल पहुंचने पर उन्हें एक गुलदार दिखाई दिया। गुलदार को देख लोगों के होश उड़ गए। उन्होंने फोन पर मामले की सूचना ग्रामवासियों व वन विभाग की टीम को दी। सूचना पाकर मौके पर वन विभाग के एसडीओ इम्तियाज अहमद सिद्दीकी, नजीबाबाद वन विभाग के एसडीओ हरि सिंह, वन रेंजर शरद कुमार गुप्ता, वन दरोगा मदनपाल सिंह, मंडावर वन दरोगा महिपाल सिंह व ट्रेंकुलाइज गन लिए कानपुर चिड़ियाघर के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. नासिर आदि मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचकर टीम ने महावीर सिंह के खेत में गुलदार पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया। पिंजरे में बकरी रखा गया। गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम ने गन्ने के खेत में तीन कैमरे भी लगाए हैं। मौके पर मौजूद भीड़ का शोर सुनकर गुलदार भागकर समीप ही दूसरे किसान विजेंद्र सिंह के गन्ने के खेत में जा घुसा। कुछ देर बाद उक्त गुलदार दोबारा महावीर सिंह के उसी खेत में घुस गया। करीब सात घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी गुलदार टीम के पकड़ में न आ सका। शाम करीब 5:30 बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था। पूर्व ब्लाक प्रमुख डॉ धर्मवीर सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान धर्मपुरा सूरज सिंह, सत्येंद्र सिंह, तारा सिंह, बलवंत सिंह, मुन्ना लाल सैनी, शुभम सिंह, लोकेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह आदि ग्रामवासियों ने गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
टोली बनाकर जाएं खेतों में
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामवासियों को एक या दो दिन तक खेतों पर न जाने की सलाह देते हुए कहा कि यदि अति आवश्यक है तो किसान टोली बनाकर अपने खेतों में हाथों में डंडा लेकर जाए। करीब एक दिन पूर्व गांव बल्दिया से झालू के बीच रेलवे लाइन पर एक गुलदार मादा गुलदार की ट्रेन से पैसेंजर ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी क्षेत्र में गुलदार देखे जाने से ग्रामीण भयभीत है। देर शाम तक टीम जंगलों में डेरा डाले हुए है, लेकिन गुलदार उनकी पकड़ से दूर है।
हल्दौर के ग्राम धर्मपुरा में गुलदार को पकड़ने के लिए जाल लगाते वन विभाग के कर्मचारी।- फोटो : BIJNOR
हल्दौर के ग्राम धर्मपुरा में गुलदार के (लाल घेर में ) पीछे दौड़ते ग्रामीण।- फोटो : BIJNOR