गुलदार के शावक मिले, लोगों में दहशत
रेहड़। गांव जाब्तानगर में गन्ने के खेत में गुलदार के शावक मिलने से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर शावक व गुलदार को पकड़कर वन क्षेत्र में छुड़वाने की मांग की है।
ग्रामीण ज्ञानचंद, गोपाल, नितिन, टेकचंद, विपिन आदि ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब दस बजे गांव के किसान सुक्खे सिंह के जाब्ता नगर दहलावाला मार्ग के खेत में कुछ मजदूर गन्ना छील रहे थे। तभी खेत में गुलदार के दो शावक दिखाई दिए। ग्रामीणों ने वन विभाग को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलने पर वन रक्षक नगीना रेंज सुनील राजौरा दोपहर मौके पर पहुंचे। वन रक्षक ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा दो शावकों की सूचना दी गई थी। लेकिन मौके पर एक ही शावक मिला है। शावक की अनुमानित आयु लगभग आठ दिन है। संभवत: एक शावक को मादा गुलदार ले गई है।
उधर डिप्टी रेंजर श्यामलाल यादव का कहना है कि शावक के लिए मादा गुलदार की प्रतीक्षा की जाएगी। क्योंकि शावक को मौके से ले जाने पर मादा गुलदार उग्र हो सकती है। संभव है कि रात को एकांत में मादा गुलदार शावक को ले जाए। वहीं ग़ुलदार की आमद को लेकर ग्रामीणों दहशत में है। उन्होंने गुलदार से निजात दिलाने की मांग की है।