पहले भी हो चुके हैं हमले
- सात अगस्त को नहटौर पैजनिया मार्ग पर गुलदार ने दो होमगार्ड सहित चार लोगों को घायल किया।
- छह अगस्त को नूरपुर अरब में छह माह की बच्ची को गुलदार ले गया था, बाद में उसका कंकाल मिला।
- बीस अक्तूबर को हरेवली में आशा देवी को घास काटने के दौरान गुलदार ने हमला कर घायल किया।
- सात मार्च को आलियापुर गांव के रहने वाले श्याम सिंह के बेटे नितेश को गुलदार ने निवाला बना लिया।
आबादी के पास लैंटाना का विस्तार भी बना मुसीबत
कालागढ़। आबादी में लैंटाना के बढ़ते दायरे के चलते कार्बेट टाइगर रिजर्व के वनों से निकलकर खूंखार वन्यजीव अपने प्राकृतवास आबादी के निकट बना रहे हैं। वन्यजीवों के आबादी के नजदीक बस जाने से लोग उनके हमलों के शिकार हो रहे हैं।
कालागढ़ स्थित रामगंगा बांध परियोजना की आवासीय कॉलोनियों के इर्द गिर्द लैंटाना झाड़ियों का विस्तार अब आम लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनता जा रहा है। कालागढ़ में आवासीय कॉलोनियों के चारों ओर यह झाड़ी फैल चुकी है। झाड़ियों में चीतल, हिरन, सांभर, जंगली सुअर आदि चरते रहते हैं। इनके पीछे गुलदार, बाघ और लकड़बग्घे आदि मांसाहारी वन्य जीव आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Meerut: तेरी मौत निश्चित है..., सिरफिरे ने युवती को दी धमकी, अगले ही दिन धारदार हथियार से किया जानलेवा हमला
आसानी से शिकार मिलने के कारण हिंसक जीवों ने अपने प्राकृतवास का विस्तार करना शुरू कर दिया है। केंद्रीय कॉलोनी स्थित चमचा कॉलोनी के आवासों के खंडहरों में इन दिनों एक बाघिन अपने तीन शावकों के साथ हनुमान मंदिर के पास दिखाई दे रही है। केंद्रीय कॉलोनी के आवासीय क्षेत्रों में एक बाघ और सूखासोत के निकट इंटर कॉलेज के पीछे भी छह माह पहले बाघ दिन में ही चहलकदमी करता देखा गया था। रामगंगा भवन के निकट, नई कॉलोनी में हेलीपैड के निकट बाघ का विचरण आम बात है।
धरातल पर नहीं दिख रहा लैटाना उन्मूलन अभियान का असर
कार्बेट टाइगर रिजर्व के वनों में लगभग दस वर्षों से लैंटाना उन्मूलन कार्यक्रम चल रहा है, लेकिन धरातल पर इसका असर नहीं दिख रहा है। रामगंगा बांध प्रशासन भी सड़कों के किनारे इस झाड़ी को कटवाता रहता है। फिर भी इसका विस्तार कम नहीं हो रहा है।
कालागढ़ के वनक्षेत्राधिकारी आरके भट्ट का कहना है कि विभाग से मिले बजट के अनुसार ही वन क्षेत्रों में लैंटाना हटाया जाता है। गश्ती दल तैनात हैं। यह बाघिन का विचरण क्षेत्र है। यहां सुरक्षा के साथ-साथ गुजरने वालों को भी सतर्क रहना चाहिए।