मंडावर क्षेत्र के बालावाली के जंगल में गुलदार द्वारा निवाला बनाए गए बछड़े को देखती बन विभाग की टी
- फोटो : BIJNOR
बालावाली में गुलदार ने बछड़े को निवाला बनाया
मंडावर(बिजनौर)। गुलदार ने गांव बालावाली में एक बछड़े को निवाला बनाया है। मोहंडिया में गुलदार का कुछ पता नहीं चल रहा है। बारिश की वजह से मंगलवार को गुलदार के पंजों के निशान भी नहीं मिले हैं। अब वन विभाग की टीम गुलदार की लोकेशन तलाशने के लिए घूम रही है।
मंगलवार सुबह बालावाली गांव के किसान खेतों की ओर गए तो वहां एक बछड़े को मरा हुआ देखा। बछड़े का शरीर खाया भी गया था। गांव वालों ने सूचना वन विभाग को दी। रेंजर शरद गुप्ता व वन दरोगा महिपाल राणा ने मौके पर जांच की। वहां किसी के पंजों के निशान नहीं मिले। वहीं गांव मोहंडिया के जंगल में गुलदार अब अपनी लोकेशन बदलने लगा है। पहले गुलदार केवल उसी खेत में देखा जा रहा था जहां पर उसने शफीक को मारा था, लेकिन अब गुलदार अपनी लोकेशन बदलता दिख रहा है। तीन दिन से गुलदार ट्रैप कैमरे में कैद नहीं हो रहा है। गुलदार के पंजों के निशान मालन नदी के आसपास दिख रहे थे, लेकिन मंगलवार के गुलदार के पंजों के निशान मालन नदी की ओर नहीं मिले। वन विभाग के कर्मचारियों का मानना है कि अगर गुलदार आया भी होगा तो बारिश से उसके पंजों के निशान मिट गए होंगे। डीएफओ डा.एम सेम्मारन व ट्रेंकुलाइज विशेषज्ञ डा.आरके सिंह ने जंगल में जांच की, लेकिन कहीं और भी गुलदार के पंजों के निशान नहीं दिखे।
ठिकाने का पता चलने पर आगे की रणनीति बनाएंगे
डीएफओ डा.एम सेम्मारन का कहना है कि गुलदार हमेशा हिंसक नहीं रहता है। उन्होंने कहा कि गांव मोहंडिया के जंगल में गुलदार की लोकेशन लेने के लिए टीम लगी है। उन्होंने कहा कि गुलदार के ठिकाने का पता चलने के बाद ही उसे पकड़ने के लिए आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।