गुलदार ने आधा घंटे रोका किसानों का रास्ता
अफजलगढ़। क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांव अलियारपुर, भज्जावाला, झाड़पुरा, भागीजोत, चकफेरी नवाबपुरा तथा तुरतपुर में गुलदार का आतंक बना हुआ है।
गांव तुरतपुर में बृहस्पतिवार शाम गुलदार ने खेत से लाई उठाने गए करीब एक दर्जन किसानों का रास्ता रोक लिया। आधा घंटा बाद गुलदार के हटने पर किसान अपने घर को वापस लौट पाए। किसान अनिल नारायण ने बताया कि वह एक दर्जन करीब मजदूरों के हाथ खेत से लाई उठाने के लिए गए थे। शाम करीब साढ़े सात बजे जब वह वापस लौट रहे थे, अचानक महावीर के खेत के समीप मार्ग में उन्हें गुलदार दिखाई दिया। आधा घंटा तक गुलदार ने गांववालों का रास्ता रोके रखा। काफी शोरशराबा करने के बाद गुलदार आधा घंटा बाद खेतों में चला गया। तब जाकर गांव वासी अपने घर लौट सके।
किसान अनिल नारायण, परमजीत, हरी सिंह, कल्लन, आशा, बेबी, अमर सिंह, ओमकार सिंह, सुखराज सिंह आदि का कहना है कि जंगल में लगातार गुलदार दिखाई दे रहा है। किसान जरूरी कार्यों से भी खेतों पर जाने से घबरा रहे हैं। किसानों ने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़वाने की मांग की है। डिप्टी रेंजर सुनील राजौरा का कहना है कि शीघ्र गांववालों की समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।