गुलदार ने दो बाइक सवारों पर किया हमला
बढ़ापुर। गांव नकीपुर के समीप रविवार रात गुलदार ने दो बाइक सवारों पर हमला कर घायल कर दिया। घायलों का गांव में ही निजी चिकित्सक से उपचार कराया गया। घटना को लेकर ग्रामीणों में दहशत है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को पकड़वाने की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव मोहिद्दीनपुर निवासी अर्जुन सिंह की क्षेत्र के ही गांव नाईवाला में टेंट की दुकान है। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे अर्जुन सिंह अपने गांव मोहिद्दीनपुर से रामानंद नाम के युवक को लेकर बाइक से नाईवाला जा रहा था। गांव मिट्ठोपुर-नकीपुर मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों में घात लगाए बैठे एक गुलदार ने बाइक पर छलांग लगा दी। बाइक असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ी। बाइक पर पीछे बैठे रामानंद ने गुलदार के साथ संघर्ष किया। दोनों व्यक्ति शोर मचाते हुए वहां से भागे। गुलदार ने भी काफी दूर तक बाइक का पीछा किया। सामने से आती कार की रोशनी देखकर गुलदार पास की झाड़ियों में जा छिपा। अर्जुन सिंह के अनुसार उन्होंने गांव मिट्ठोपुर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इस घटना के कुछ देर बाद मारुति कार से वहां से गुजर रहे गांव नकीपुर निवासी हरविंदर सिंह की गाड़ी पर भी गुलदार ने छलांग लगाई और इसके करीब आधा घंटे पश्चात गुलदार ने उधर से गुजर रहे नजीबाबाद क्षेत्र के रहने वाले दो बाइक सवारों पर भी हमला किया। घायल अर्जुन व रामानंद का गांव में ही निजी चिकित्सक से उपचार कराया गया। इस संबंध में सामाजिकी वानिकी नगीना रेंज के वनक्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह वोहरा ने बताया कि वनकर्मियों को भेजकर जांच कराई जाएगी।