मुजफ्फरनगर। जीएसटी एसआईबी की टीम ने खाद बनाने वाली फैक्ट्री राम पोटाश पर छापा मारा। करीब 15 घंटे से अधिक तक चली जांच के दौरान बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ियां सामने आने की बात कही गई है। विभागीय अधिकारियों ने सोमवार को पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा करने की बात कही है।
जनपद में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग ने कर चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जानसठ सड़क स्थित राम पोटाश फैक्ट्री पर छापा मारा। यह कार्रवाई शुक्रवार को शुरू हुई और करीब 15 घंटे तक लगातार चली। इसमें विभाग की टीम ने फैक्टरी परिसर में मौजूद हर महत्वपूर्ण दस्तावेज और लेन-देन का बारीकी से परीक्षण किया।
जांच के दौरान वित्तीय रिकॉर्ड में कई अनियमितताएं सामने आई हैं। इसके बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक करोड़ से अधिक रुपया मौके पर ही जमा कराया। जांच में शामिल जीएसटी एसआईबी अधिकारियों ने स्टॉक, खरीद-बिक्री के दस्तावेज, ई-वे बिल और जीएसटी रिटर्न का आपस में मिलान किया।
जीएसटी एसआईबी के संयुक्त आयुक्त सिद्धेश चंद दीक्षित ने बताया कि जांच चल रही है। जांच के बारे में विस्तृत तौर से सोमवार को स्थिति स्पष्ट होगी।