बिजनौर। पुलिस स्मृति दिवस पर पुलिस लाइन में शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में अपने कर्तव्य के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र चढ़ाकर दो मिनट का मौन रखा गया।
पुलिस अधीक्षक सुभाष सिंह बघेल ने कहा कि हम सब पुलिसकर्मी इनके महान कर्तव्य पालन और बलिदान की सराहना में नतमस्तक हैं और अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ धर्मवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर कल्पना सक्सेना, क्षेत्राधिकारी नगर रामानंद कुशवाहा, क्षेत्राधिकारी चांदपुर महेश सिंह अत्रि आदि ने भी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
एसपी बघेल ने बिजनौर के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को पांच-पांच हजार नकद और एक-एक शॉल देकर सम्मानित किया।
बिजनौर के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों में बुशरा परवीन पत्नी कांस्टेबल शहजाद अहमद निवासी ग्राम अकबरपुर तिगरी थाना हीमपुर दीपा बिजनौर, मिथलेश देवी पत्नी सोमपाल सिंह हेड कांस्टेबल ग्राम लक्खूबाला थाना मंडावर बिजनौर, प्रयांजलि पत्नी उदित कुमार कांस्टेबल ग्राम मुस्सेपुर थाना नहटौर शामिल हैं।
तीनों पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल सोमपाल सिंह, कांस्टेबल शहजाद अहमद और कांस्टेबल उदित कुमार जनपद रामपुर में नियुक्त थे।