बिजनौर के ग्राम दयालवाला में चारागाह की भूमि को कब्जामुक्त कराते ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विक्रमादि?
- फोटो : BIJNOR
चारागाह की जमीन को कराया कब्जामुक्त
मंडावर। भूमाफिया ने चारागाह की जमीन पर अवैध कब्जा करते हुए कॉलोनी भी काट डाली, जिसमें प्लॉट भी बेचे गए। प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर चारागाह की जमीन को कब्जा मुक्त कराया है। तहसील प्रशासन और पुलिस फोर्स की मौजूदगी में अवैध कब्जा हटाया गया।
सोमवार को एसडीएम सदर विक्रमादित्य सिंह मलिक और तहसीलदार प्रीति सिंह पुलिस फोर्स के संग बुलडोजर लेकर मंडावर क्षेत्र के गांव दयालवाला पहुंचे। यहां पर चारागाह की 0.202 हेक्टेयर जमीन पर किए गए कब्जे को हटाया गया। बता दें कि कालोनाइजरों ने इस जमीन पर कब्जा करते हुए कालोनी भी काट डाली। चारों ओर से कॉलोनी की चारदीवारी कर ली गई थी। बीच में बाकायदा रास्ते भी बना दिए गए। पिछलेे काफी समय से इस कॉलोनी में प्लॉट की खरीद फरोख्त की जा रही थी। तमाम लोगों को इस कॉलोनी में चारागाह की जमीन होने की जानकारी थी, फिर भी कालोनाइजर बेखौफ होकर प्लॉट बेचने में लगे रहे। अब प्रशासन के बुलडोजर ने कॉलोनी की दीवारों को धराशायी करते हुए जमीन को कब्जा मुक्त कराया। जमीन को ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी भी चल रही है। एसडीएम सदर विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि अवैध कब्जा हटवा दिया गया है। कब्जा करने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी।