अफजलगढ़ के गांव मानियावाला में पोते की पिटाई से हुई दादा की मौत के बाद जमा भीड़।
- फोटो : BIJNOR
पौत्र ने की दादा की लाठी से पीट-पीट कर हत्या
अफजलगढ़/ कासमपुरगढ़ी (बिजनौर)। संपत्ति के बंटवारे के विवाद में नाराज पौत्र ने दादा को लाठी डंडों से पीट पीटकर मौत के घाट उतार दिया। चाचा ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव मानियावाला निवासी अमीर हुसैन के परिवार में जायदाद के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही थी। अमीर हुसैन का पौत्र दिलशेर पुत्र शेर अली बंटवारे से खुश नहीं था। वह अपनी मर्जी से संपत्ति का बंटवारा कराना चाहता था। दिलशेर ने बंटवारे की किसी बात से क्षुब्ध होकर दादा अमीर हुसैन के साथ लाठी, डंडों से बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी। अमीर हुसैन लहूलुहान हो गया। बंटवारे की बातचीत को लेकर इकट्ठे हुए परिजनों ने किसी तरह अमीर हुसैन को दिलशेर से बचाया। अमीर हुसैन को उपचार के लिए कासमपुरगढ़ी स्थित पीएचसी ले जाया गया। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उपचार के लिए काशीपुर ले जाते समय अमीर हुसैन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वारदात के दौरान परिजनों ने आरोपी दिलशेर को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। अमीर हुसैन के बेटे शाहिद हुसैन ने आरोपी भतीजे के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
आरोपी की मां अनीसा खातून के मुताबिक दिलशेर दो दिन पहले सहारनपुर से गांव आया था और हंगामा कर रहा था। वह बंटवारे से संतुष्ट नहीं था। समझाने के बावजूद बृहस्पतिवार की सुबह घर की दीवारें तथा लिंटर तोड़ने लगा। दादा अमीर हुसैन के समझाने पर भी नहीं माना। अमीर हुसैन के घर में तोड़फोड़ करने से रोकने पर दिलशेर ने अपने दादा पर ही लाठी डंडों से बुरी तरह पीटा।
कोतवाल राजेश कुमार तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की।