सैलून कारोबारियों के लिए सरकार जारी हो गाइड लाइन
नजीबाबाद। ऑल इंडिया जमात-ए-सलमानी कमेटी ने सरकार से सैलून का काम करने वालों के आर्थिक संकट दूर करने के गाइड लाइन जारी करने की मांग की है। कमेटी ने सैलून के कारोबारियों को लॉकडाउन के दौरान पांच हजार रुपए प्रति माह की दर से राहत देने की भी मांग की है।
ऑल इंडिया जमात-ए-सलमानी कमेटी के अध्यक्ष हाजी अनीस सलमानी, सेक्रेट्री डा. शकील अहमद ने सैलून का काम करने वाले सलमानी बिरादरी के सामने उत्पन्न आर्थिक संकट पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान करीब डेढ़ माह से सैलून कारोबार बंद होने से सलमानी बिरादरी के सामने भुखमरी की स्थिति है। यह कारोबार घर से संचालित नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार से सैलून कारोबार को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ शुरू कराने की गाइड लाइन जारी करने की मांग की है।
सैलून कारोबारी अबरार सलमानी, वसीम सलमानी का कहना है कि लॉकडाउन के दौरान सलमानी बिरादरी पर आर्थिक संकटों का पहाड़ टूटा है। सैलून कारोबारियों के सामने परिवार की भूख मिटाना, इलाज कराना और जरूरत का सामान उपलब्ध कराना चुनौती बन गया है। सैलून कारोबारी खुर्शीद सलमानी ने सैलून कारोबारियों के लिए तत्काल पांच हजार रुपये प्रतिमाह की आर्थिक मदद दिए जाने तथा सैलून कारोबार जल्द शुरू कराने के लिए सरकार से गाइड लाइन जारी करने की मांग की है।