गन्ना खरीद की उचित व्यवस्था करे सरकार : सांसद
बिजनौर। बिजनौर लोकसभा के बसपा सांसद मलूक नागर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग मंत्री को पत्र लिखकर मजदूरों, ग़रीबों तथा जरुरतमंदों के लिए खाने की व्यवस्था कराने, उन तक आर्थिक मदद पहुंचाने तथा किसानों के गन्ने की फसल को चीनी मिलों से तुरंत ख़रीदने की व्यवस्था कराने की मांग की है।
सांसद ने शुक्रवार को लिखे पत्र में बताया कि लॉकडाउन के कारण किसान को मजदूर नहीं मिल रहे हैं। इस कारण गन्ने की कटाई नहीं हो पा रही है और किसानों का गन्ना खेतों में खड़ा सूख रहा है। किसान हित को ध्यान में रखते हुए चीनी मीलों के बंद होने से पहले गन्ना खरीद की उचित व्यवस्था जल्द कराई जाए। गन्ना क्रय केंद्र तब तक न उखाड़े जाएं जब तक गन्ने की पूरी फसल ख़रीद न ली जाए। उन्होंने कहा है कि सरकार ने सर्वे कराकर पर्ची की जो व्यवस्था की थी चीनी मिलों द्वारा उसमें ढिलाई बरती जा रही है। गांव स्तर पर गन्ना ख़रीद केंद्रां को बंद रखा जा रहा है। इससे किसानों को भारी परेशानी हो रही है। गन्ना खरीद की समस्या का समाधान जल्द कराया जाना आवश्यक है।