मालगाड़ी ऊपर से गुजर गई, लाश समझ उठाया तो जिंदा निकला
धामपुर (बिजनौर)। जाको राखे साइयां, मार सके न कोय...यह कहावत उस समय चरितार्थ हुई जब धामपुर के प्रसिद्ध (कचरी दाल वाले) व्यापारी उमेश कुमार जैन ने मंगलवार सुबह रेलवे स्टेशन पर ओवरब्रिज के नीचे जाकर डाउन ट्रैक के बीच में लेट कर रन थ्रू आ रही मालगाड़ी से कटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। 50 डब्बों की मालगाड़ी दनदनाती हुई उसके ऊपर से गुजर गई। पर उसको जरा सी खरोंच तक नहीं आई। मालगाड़ी के चालक ने कंट्रोल को मैसेज भी कर दिया कि धामपुर में एक व्यक्ति ट्रेन से कट गया है। पर जब मैसेज पर आरपीएफ और अन्य रेल कर्मियों ने जाकर देेखा तो वह सही सलामत मिला।
व्यापारी उमेश कुमार जैन की नगर में भगत सिंह चौक पर दाल-कचरी का कारोबार है। उमेश कुमार के परिजनों ने बताया कि वह काफी दिनों से बीमार चल रहे हैं। उनका उपचार कराया जा रहा है। पर उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हो रहा है। बताया गया कि रोज की तरह से टहलने के लिए घर से कह कर गए थे।
आरपीएफ चौकी प्रभारी विकल चौधरी का कहना है कि जैसे उनके पास मैसेज आया। तो उन्होंने तुरंत आरपीएफ जवान कुलदीप सिंह और विजेंद्र सिंह को मौके पर भेजा। मैसेज यह मिला था कि ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई है। जब पर जवानों ने मौके पर जाकर देखा तो वह वहां पर सकुशल मिले। वह उमेश कुमार को उठाकर चौकी पर ले आए और बाद में जीआरपी को सौंप दिया। जीआरपी चौकी प्रभारी रनवीर सिंह ने परिजनों से वार्ता के बाद बताया कि उमेश कुमार जैन बीमार चल रहे हैं। जब वह घूमने गए थे तो कमजोरी के कारण ठोकर खाकर ट्रैक पर गिर गए थे। उमेश कुमार जैन को जरूरी कार्रवाई के बाद परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।