बिजनौर। सीडीओ पूर्ण बोरा ने किरतपुर ब्लॉक की बुडगरा पंचायत में ग्राम सचिवालय के लिए खरीदे गए सामान में शासकीय क्षति का आंकलन करने के निर्देश दिए थे। अधिकारियों की दो सदस्यीय टीम ने जांच की। आरोप है कि सामान अधिक रेट, बिना अनुमन्य तथा घटिया क्वालिटी का खरीदने की बात सामने आई। सामान खरीदारी में 70 हजार रुपये से अधिक का शासकीय क्षति का आंकलन हुआ है।
सीडीओ पूर्ण बोरा ने किरतपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत बुडगरा के विकास कार्यों का निरीक्षण किया था। आरोप है कि निरीक्षण के दौरान अनेक खामियां तथा वित्तीय अनियमितताएं सामने आई। सीडीओ ने मामले की शासकीय क्षति की जांच जिला विकास अधिकारी एस कृष्णा तथा जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी नंदकिशोर को संयुक्त रूप से सौंपी। जांच अधिकारी डीडीओ एस कृष्णा की जांच में आरोप है कि सचिवालय में 13,806 रुपये का बिजली फिटिंग का काम करा लिया गया। बिजली फिटिंग का काम अनुमन्य नहीं था। इंवर्टर खरीदा ही नहीं गया, जबकि बिल में 8,968 रुपये का इंवर्टर खर्च दिखाया गया है।
आरोप है कि सचिवालय के लिए मेज व आलमारी अधिक कीमत पर खरीदी गई। 30 हजार से अधिक कीमत में खरीदी बैटरी में एक खराब मिली। दो घूमने वाली कुर्सी बिना अनुमन्य हुए खरीद ली गई। खरीदे गए सामान की गुणवत्ता भी सही नहीं मिली। डीडीओ के अनुसार सभी सामान सचिवालय में काम करने वाले पंचायत सहायक के लिए खरीदा गया। संयुक्त जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि पंचायत सचिवालय के लिए खरीदे गए सामान में कुल 70,946 रुपये शासकीय क्षति का आंकलन है। जांच आख्या आगे की कार्रवाई के लिए सीडीओ को भेजी गई है।