मंडावर। तीन सप्ताह से लापता युवक का सड़ा गला कंकालनुमा शव गांव के जंगल में मिला। उसकी हत्या उसके सास, ससुर और सालों ने मिलकर की थी। पुलिस ने ससुर की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया। बाकी अभी फरार हैं।
मंडावर थाना क्षेत्र के गांव शादीपुर निवासी रविंद्र ( 35 वर्ष ) पुत्र जगत सिंह तीन अगस्त से लापता था। मामले में पुलिस जांच में जुटी थी। सोमवार सुबह रविंद्र के परिजन बड़ी संख्या में थाने में पहुंचे और उसके ससुराल वालों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने रविंद्र के ससुर उदयवीर पुत्र चंद्रपाल निवासी ग्राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने सब उगल दिया। दोपहर को उदयवीर की निशानदेही पर पुलिस ने शव अंगाखेड़ी के जंगल में शादीपुर गांव के पास ही बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार हत्या में उदयवीर की पत्नी सुमन, पुत्र रितिक व विशेष तथा गांव निवासी विकास पुत्र कलवा भी शामिल था। बताया गया कि रविंद्र के दो पुत्री हैं तथा वह नशे का आदि था। जिससे उसकी पत्नी व ससुराल वाले दुखी थे। रविंद्र के दो भाइयों की शादी नहीं हुई थी। ससुराल वालों ने यह मानकर कि जमीन उनकी बेटी को मिल जाएगी, दामाद की गला घोंटकर हत्या कर दी और जंगल में शव फेंक दिया।