बिजनौर। सोने, चांदी के दाम में इजाफा होने से आर्टिफिशियल ज्वेलरी की मांग बढ़ी है। विवाह, शादी में महिलाएं अपने कपड़ों के हिसाब से कम पैसे में मैचिंग की ज्वेलरी खरीद रही हैं। वहीं, करवाचौथ को लेकर भी इनकी बिक्री बढ़ गई है।
जिले में करीब 100 दुकानदार आर्टिफिशियल ज्वेलरी का काम करते हैं। इसके साथ ही वह कॉस्मेटिक सामान की भी बिक्री कर रहे है। सोना, चांदी के दाम बढ़ने पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी के बाजार में तेजी आई है। पिछले कुछ सालों में आर्टिफिशियल की मांग तेजी से बढ़ी है। जिले में हर साल आर्टिफिशियल का 10 करोड़ रुपये का कारोबार है। फिंगर रिंग, हियर रिंग, हाथ के कड़े, गले का हार, नथ, बिछुए, पायल की आर्टिफिशियल में अधिक मांग है। विवाह सहित परिवार के अन्य सामूहिक कार्यक्रमों में महिलाएं लग्जरी दिखने वाली ज्वेलरी खरीद रही हैं।
जिले में पांच हजार रुपये तक की आर्टिफिशियल ज्वेलरी की मांग
जिले में सोने, चांदी के स्थान पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी की मांग बढ़ रही है। कहने को तो कपड़ों के हिसाब से ज्वेलरी की मैचिंग की जा रही है। बिजनौर में पांच हजार रुपये तक की आर्टिफिशियल ज्वेलरी की बिक्री ज्यादा हो रही है।
इन डिजाइन की ज्वेलरी की अधिक मांग
विक्रेताओं के अनुसार आर्टिफिशियल ज्वेलरी में अमेरिकन डायमंड ज्वेलरी, एंटीक ज्वेलरी, सिल्वर गोल्ड ज्वेलरी, गोल्ड प्लेटेड ज्वेलरी की अधिक मांग है। इन डिजाइन की आर्टिफिशियल ज्वेलरी लोग खूब खरीद रहे हैं। ज्यादातर महिलाएं विवाह सहित अन्य कार्यक्रमों में आर्टिफिशियल ज्वेलरी ही पहन रही हैं।
सोना-चांदी महंगा
सोने, चांदी के दाम आसमान छू रहे हैं। बढ़ते दाम की वजह से लोगों का आर्टिफिशियल ज्वेलरी की तरफ रूझान बढ़ रहा है। सोने का प्रति 10 ग्राम का दाम 1,22,700 रुपये है। जबकि, चांदी का दाम 1,57,400 रुपये प्रति किलोग्राम है।
आर्टिफिशियल ज्वेलरी का अच्छा कारोबार : शिवकुमार गुप्ता
आर्टिफिशियल ज्वेलरी विक्रेता शिवकुमार गुप्ता ने बताया कि सोने, चांदी के दाम बढ़ने से आर्टिफिशियल ज्वेलरी की मांग बढ़ी है। जिले में इसका सालाना करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार है। महिलाएं अपनी पसंद के हिसाब से ज्वेलरी खरीद रही हैं।
महिलाएं खरीद रहीं नए-नए डिजाइन की ज्वेलरी : तनु
तनु दुल्हन शृंगार स्वामी तनु का कहना है कि महिलाएं हर कार्यक्रम में अपनी पसंद के हिसाब से नए-नए डिजाइन की आर्टिफिशियल ज्वेलरी खरीद रही हैं। पिछले कुछ सालों में इसकी मांग अधिक बढ़ी है।
कम कीमत में आर्टिफिशियल ज्वेलरी का अच्छा सामान : लवली गंभीर
खरीदार लवली गंभीर ने कहा कि आर्टिफिशियल ज्वेलरी सस्ती और अच्छी है। कम कीमत में बेहतर सामान मिल रहा है। सामूहिक कार्यक्रम में कपड़ों के साथ ही ज्वेलरी भी बदल सकते हैं। यह चलन अच्छा है।
आर्टिफिशियल ज्वेलरी एक अच्छा विकल्प : संजू राणा
खरीदार संजू राणा ने बताया कि सोना, चांदी के लगातार बढ़ते दाम आम लोगों के लिए आभूषण खरीदना आसान नहीं रहा है। इसलिए, कार्यक्रमों में पहनने के लिए आर्टिफिशियल ज्वेलरी एक अच्छा विकल्प है।