बिजनौर। कैंप कार्यालय में गन्ना और मिल अधिकारियों की मीटिंग में डीएम ने स्पष्ट कहा कि गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली मिलने पर मिल महाप्रबंधक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने सभी मिल संचालकों के शासन के निर्देशानुसार 20 दिसंबर तक गन्ने का समस्त भुगतान कराने के निर्देश दिए है।
डीएम ने कहा कि जिले में किसानों का उत्पीड़न किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां भी घटतौली की शिकायत जांच में प्रमाणित होती है।
केंद्र संचालक सहित संबंधित चीनी मिल के महाप्रबंधक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने उपस्थित सभी चीनी मिलों के प्रबंधकों को निर्देश दिए कि 20 दिसंबर तक किसानों को उनके गन्ना मूल्य का शत प्रतिशत भुगतान कराना सुनिश्चित करें।
इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने भुगतान को लेकर बिलाई और बरकातपुर चीनी मिलों के प्रबंधकों को विशेष रूप से शत प्रतिशत भुगतान के निर्देश दिए। बैठक में डीसीओ ओपी शर्मा व सभी चीनी मिलों के महाप्रबंधक मौजूद थे।
उधर बरूकी में केन सेक्रेटरी धर्मेंद्र सिंह ने बरूकी स्थित बिलाई शुगर मिल के सेंटर ए पर छापा मारा। उन्होंने बाट रखवाकर कांटे की जांच की तो 4.4 प्रतिशत कर घटतौली पकड़ में आई। सेंटर पर लिपिक सरवेंद्र सिंह गन्ना तुलवा रहा था।
उनके मुताबिक मामले से विभागीय अधिकारियों को अवगत करा दिया है। गन्ना सेंटरों पर विभाग की छापामारी जारी रहेगी।
डीसीओ को गिनाई समस्याएं
बिजनौर। भाकियू का प्रतिनिधिमंडल किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए डीसीओ ओपी सिंह से मिला। बकाया भुगतान शीघ्र न होने पर 15 दिसंबर से कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
जिलाध्यक्ष ठाकुर रामौतार सिंह ने डीसीओ को बताया कि पिछले पेराई सत्र का बकाया भुगतान अब तक नहीं दिया गया है।
उन्होंने सभी क्रय केंद्रों के अब तक संचालित न होने का मुद्दा भी उठाया। कहा कि अगेती और सामान्य प्रजाति के गन्ने की पर्चियों का समान वितरण न होने के कारण खेत गेहूं बोने के लिए समय पर खाली नहीं हो पा रहे हैं।
उन्होंने बिजनौर शुगर मिल की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। डीसीओ ने किसानों की समस्याओं का जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। उपाध्यक्ष रामकुमार, धनकड़, ओमपाल सिंह आदि रहे।