परीक्षा केंद्र दूर बनाए जाने से छात्राएं परेशान
स्योहारा। एमजेपी रोहेलखंड विश्वविद्यालय का करिश्मा। सहसपुर के एक मात्र गर्ल्स डिग्री कालेज का परीक्षा केंद्र 20 किलोमीटर दूर बनाया। परीक्षा केंद्र दूर बनाए जाने से छात्राएं परेशान हैं। कालेज प्रबंधक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर सेल्फ सेंटर बनाने की मांग की है।
सहसपुर क्षेत्र में रसूलपुर में अख्तरी कुरैशी गर्ल्स डिग्री कालेज एक मात्र कन्या महाविद्यालय है। जिसके 15 किलोमीटर के दायरे में कोई भी दूसरा कन्या महाविद्यालय नहीं है। कालेज प्रबंधक शमीम कुरैशी ने मुख्यमंत्री पोर्टल अवगत कराया है कि कालेज की स्थापना से लेकर गत वर्ष तक यहां सेल्फ सेंटर रहा है। कालेज में परीक्षा केंद्र के मानक अनुसार हर कमरे में दो दो सीसीटीवी कैमरे, एक एक वॉइस रिकॉर्डर भी लगे हुए हैं। गत वर्ष विश्वविद्यालय द्वारा इसका भौतिक निरीक्षण भी किया जा चुका है। जबकि कैमरों का वेरिफिकेशन विश्वविद्यालय के कंट्रोल रूम में भी कराया जा चुका है।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर देखने से पता चला कि उनके कालेज का परीक्षा केंद्र लोकमणि महाविद्यालय कादराबाद खुर्द बनाया गया है। जो कालेज से 20 किलोमीटर की दूरी पर है। यह आदेश सरासर माननीय उच्च न्यायालय उच्च तथा शिक्षा मंत्री उत्तर प्रदेश शासन के आदेश के विपरीत है। उन्होंने परीक्षा नियंत्रक अधिकारी से मिलकर आग्रह किया कि इस कोरोना काल में लड़कियां 20 किलोमीटर परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने कैसे पहुंचेंगी छात्राओं के अभिभावकों में चिंता बनी हुई है। प्रबंधक द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर लिखकर कालेज के सेंटर को रोके जाने तथा सेल्फ सेंटर बनाए जाने की मांग है।