स्योहारा के सहसपुरा में पुलिस ने कब्र से निकलवाया युवती का शव।
- युवती के परिजनों ने प्रेमी और उसके परिवार पर लगाया था हत्या का आरोप
- पुलिस ने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
स्योहारा। पुलिस ने 25 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई युवती की मौत के बाद रविवार को उसका शव कब्र से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। यह कार्रवाई मृतका के परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों पर की गई है।
सहसपुर के मोहल्ला शेखान उत्तरी निवासी नौशाद पुत्र खलील ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री का मोहल्ले के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक आए दिन उसकी बेटी को सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देता रहता था। 20 सितंबर को उसकी गैर मौजूदगी में उसकी बेटी के प्रेमी का पिता, मां और बहन उसके घर आए।
आरोप है कि उन्होंने उसकी पुत्री के साथ मारपीट करने के बाद फंदे से लटका दिया था। इसमें उसकी पुत्री की मौत हो गई थी। इसी दिन कुछ लोगों ने दबाव बना कर पुत्री का शव सुपुर्द ए खाक भी करा दिया था। हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी।
रविवार की दोपहर जिलाधिकारी के आदेश पर एसडीएम धामपुर मोहित कुमार, सीओ भरत सोनकर और थाना प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार की मौजूदगी में कब्र खोदकर युवती के शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज गया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।