हरेवली । शेरकोट थाना क्षेत्र के एक सिरफिरे ने स्कूल से लौटते वक्त छात्रा को अगवा कर अपने घर में स्थित एक कमरे में बंद कर चला गया। छात्रा के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश प्रारंभ की। छात्रा के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
एक गांव के व्यक्ति ने पुलिस में दी तहरीर में बताया है कि उसकी आठ वर्षीय पुत्री गांव के ही एक प्राइवेट स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा है। बृहस्पतिवार को वह स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर आ रही थी।
आरोप है कि उसे रास्ते में गांव के एक सिरफिरे ने उसका अपहरण कर लिया। छात्रा को आरोपी अपने घर ले गया और एक कमरे में बंद कर चला गया।
इतने में जब छात्रा घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी कहीं बाहर से आया और उसने बंद कमरे की कुंडी खोल दी। कमरे में छात्रा के रोने पर आसपास के लोगों का गुस्सा भड़क गया। छात्रा ने परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई।
आरोपी इस दौरान मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पास के गांव से पकड़ लिया है। इस मामले की अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। एसओ धर्मेंद्र कुमार ने पूरे मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।