स्योहारा के गांव अमानतपुर में गौशाला निर्माण के लिए नींव की खोदाई करती जेसीबी मशीन।
- फोटो : DHAMPUR
अमानतपुर में सौ बीघा जमीन में बनेगी गोशाला
धामपुर/स्योहारा। विकास विभाग की ओर से रविवार को स्योहारा के गांव अमानतपुर में चारागाह की सौ बीघा जमीन में अस्थायी गोशाला का निर्माण शुरू कर दिया गया। राजस्व विभाग की टीम ने जमीन की पैमाइश कर विकास विभाग की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
नायब तहसीलदार परमानंद श्रीवास्तव ने बताया कि स्योहारा विकास क्षेत्र के गांव अमानतपुर में रविवार को गोशाला का निर्माण शुरू हो गया है। जेसीबी से नींव की खोदाई की गई है। अभिलेखों के अनुसार सौ बीघा जमीन है, इस जमीन पर लोगों के अवैध कब्जे थे। इन लोगों ने इस जमीन पर खेती कर रखी थी। रविवार को राजस्व विभाग की टीम ने जमीन की पैमाइश कर अवैध कब्जों को हटवा दिया और उस जमीन पर गोशाला का निर्माण शुरू करा दिया है। इस जमीन में एक तिहाई भाग में गोशाला का निर्माण होगा, बाकी जमीन में पशुुओं के चारे की बुवाई होगी। चारे की बुवाई के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है।
झील को कराया कब्जामुक्त
नायब तहसीलदार ने बताया कि स्योहारा क्षेत्र में हामा नंगली गांव है। इस गांव में 50 बीघा झील है। झील की जमीन पर भी लोगों से अवैध कब्जा कर खेती कर रखी थी। प्रशासन ने रविवार को झील की भी पैमाइश कर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा दिया है। गांव मुस्ताफापुरगढ़ी में विकास विभाग की ओर से पानी की टंकी लगनी है। जमीन की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। इस गांव में पानी की टंकी की स्थापना के लिए भी विकास विभाग को सरकारी जमीन की व्यवस्था करा दी गई है।