नगीना-धामपुर मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलटा गैस से भरा टैंकर।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के नगीना-धामपुर मार्ग पर गैस से भरे टैंकर के अनियंत्रित होकर पलट जाने से चालक की मौत हो गई। टैंकर से गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया। टैंकर मेरठ से हाईड्रोक्लोराइड गैस लेकर जसपुर जा रहा था। घटना के बाद नगीना-धामपुर मार्ग अवरुद्ध हो गया। करीब पांच घंटे तक यातायात ठप रहा। प्रशासन ने टैंकर को क्रेन से हटवाकर यातायात शुरू कराया।
सोमवार की सुबह करीब नौ बजे नगीना-धामपुर राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर स्थित रामलीला तिराहे के मोड़ पर गैस से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर के ड्राईवर की उसके नीचे दवकर मौके पर मौत हो गई। इसी दौरान टैंकर से गैस का रिसाव होने लगा तो हड़कंप मच गया। आसपास के दुकानदारों व लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
प्रभारी नाथीराम पवार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर सर्विस को बुला लिया। सूचना मिलने पर फायर सर्विस के सीएफओ संतोष कुमार राय, एफएसओ संजय शर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने टैंकर में जैक लगाकर शव को निकाला। उसके पास से मिले कागजों के आधार पर मृतक रायबरेली के थाना ऊंचाहार के गांव हसमदापुर निवासी दिनेश कुमार( 40) पुत्र दयानाथ के रूप में पहचान हुई। मिले मोबाइल पर मृतक के भाई विनोद कुमार को सूचना दी गई। बाद में क्रेन से गैस से भरे टैंकर को हटवाकर ग्रामीण क्षेत्र में खड़ा करा दिया और यातायात के लिए मार्ग खोल दिया।