-बिजनौर, नजीबाबाद, चांदपुर तहसील के 117 गांवों में बनेगा एक्सप्रेस का एलाइनमेंट
-बिजनौर में लंबे समय से चली आ रही थी गंगा एक्सप्रेसवे की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। गंगा एक्सप्रेसवे बिजनौर, अमरोहा से होकर हरिद्वार तक विस्तारीकरण किया जाना है। ऐसे में यूपीडा ने गांवों की सूची जारी कर दी है। गंगा एक्सप्रेसवे बिजनौर, अमरोहा के 179 गांवों से होकर गुजरेगा। यूपीडा ने डीपीआर तैयार करने के लिए एसए इंफ्रास्ट्रक्चर कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को नामित किया है।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में गंगा एक्सप्रेसवे की 146.240 किलोमीटर लंबाई बढ़ाई जा रही है। इसमें अमरोहा के 62, बिजनौर के 117, हरिद्वार के 25 गांव चिन्हित किए गए हैं। बिजनौर की बात करें तो बिजनौर, नजीबाबाद, चांदपुर तहसील के गांव गंगा एक्सप्रेसवे में आएंगे। इसमें बिजनौर तहसील के सर्वाधिक 60, चांदपुर के 35 और नजीबाबाद के 22 गांवों की सूची यूपीडा ने जारी की है, जहां से गंगा एक्सप्रेस निकालने की तैयारी है। इसी बीच यूपीडा द्वारा नामित एसए इंफ्रास्ट्रक्चर कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड विधिक प्रक्रिया अपनाते हुए डीपीआर प्रस्तुत करने के लिए अधिकृत है। कंपनी की ओर से चिन्हित गांवों के बंदोबस्ती मानचित्र स्कैन कराए जाएंगे।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
गंगा एक्सप्रेसवे बनने से बिजनौर में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। क्योंकि, गंगा एक्सप्रेसवे को विदुर कुटी, कण्व ऋषि आश्रम, वालाबाली से जोड़ने की तैयारी है। इससे जिले के अन्य पर्यटक स्थलों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही जिले की आर्थिक व्यवस्था भी सुधरेगी।
उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
गंगा एक्सप्रेसवे दो राज्यों उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाला है। इससे उद्योग उड़ान भरेंगे। आवागमन सुलभ होने से दिल्ली एनसीआर के स्थापित होने वाले उद्योग भी बिजनौर में आ सकेंगे। रोजगार में बढ़ोतरी होगी।