बिजनौर में गायत्री परिजनों ने रविवार को गंगा दशहरा, गायत्री जयंती व आचार्य पंडित श्रीराम शर्मा का महाप्रयाण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विजेंद्र सिंह राठी व चंद्रपाल उपाध्याय ने विधि विधान के साथ गायत्री हवन यज्ञ संपन्न कराया। यज्ञ के मुख्य यजमान कृष्ण पाल रहे। वहीं गंगा दशहरा पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा बैराज पर डुबकी लगाई।
व्यासपीठ से विजेंद्र सिंह राठी ने बोलने हुए कहा कि गायत्री जयंती हमें मन, वचन व कर्म की श्रेष्ठता बनाए रखने की याद दिलाती है। गुरुदेव के महाप्रयाण दिवस पर हमें मानव कल्याण के लिए सद्कर्मों को करने की याद दिलाता है, ताकि हमारा जीवन तो सजे ही, मृत्यु भी सज जाए। बीना राठी ने कहा कि गायत्री परिजन को मन, वचन व कर्म की श्रेष्ठता से युक्त होना चाहिए। वाणी से हमेशा सत्यता व श्रेष्ठता फूटे। गायत्री परिजनों ने इस अवसर पर साहित्य को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डा.रोधश्याम शर्मा, प्रेमप्रताप सिंह, सुमेर सिंह, मुनीश्वर सिंह, अशोक कुमार शर्मा, राम प्रसाद पाल, राजवाल आदि मौजूद रही।
वहीं गंगा दशहरा पर श्रद्घालुुओं ने गंगा बैराज पर डुबकी लगाकर व प्रसाद चढ़ाकर पुण्य लाभ कमाया। गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं की रविवार तड़के से ही गंगा बैराज पर भीड़ लग गई। शनिवार रात से ही गंगा दशहरा के लिए बैराज पर मेले में दुकानें लगनी शुरू हो गई थी। मेले श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी भी की। मेले में गर्मी के मौसम में श्रद्धालुओं ने खरबूजे और तरबूज का जमकर आनंद लिया। मेले में शिविर का भी आयोजन किया गया।
गंगा दशहरा मेला छोड़ गया गंदगी
गंगा दशहरा मेले में श्रद्धालुओं का सुबह से ही तांता लग गया। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्जनों शिविर भी लगे हुए थे। मेले खत्म होने के बाद गंगा बैराज पर गंदगी रह गई। वहीं अफजलगढ़ में गांव भूतपुरी में रामगंगा घाट पर दशहरा पर्व के अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद चढ़ाकर रामगंगा में आस्था की डुबकी लगाकर मन्नत मांगी। रामगंगा नदी किनारे सवेरे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई। दूर दराज से आए श्रद्धालुओं ने रामगंगा में डुबकी लग गई। घाट के किनारे प्रसाद और खिलौनों की दुकानें लगी थीं। श्रद्धालुओं ने प्रसाद चढ़ाया और सुख शांति की कामना की। श्रद्धालुओं ने नदी किनारे हवन यज्ञ पूजा पाठ की। हवन यज्ञ पंडित षटभुज शर्मा ने विधि विधान के साथ संपन्न कराई।
वहीं नजीबाबाद में मोहल्ला मुक्टेश्वर महादेव स्थित प्राचीन शिव मंदिर में रविवार सुबह भगवान शिव की आराधना से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालुओं ने हवन-यज्ञ में मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां प्रदान कीं। यजमान महेंद्र गोयल और कविता रानी ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराते हुए चांदी का मुकुट पहनाया। पंडित हर्षवर्धन बूटी, पंडित अमित शर्मा ने विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना कराई।कार्यक्रम के समापन पर भंडारे में प्रसाद वितरित किया गया। शुक्रवार देर शाम संगीतमयी वातावरण में सुंदर कांड पाठ का आयोजन हुआ। इस मौके पर पंडित शंभूनाथ कौशिक, विदाम विकास द्धिवेदी, सुशील त्यागी, महेंद्र गोयल, कमल माहेश्वरी, सचिन मित्तल, विपिन वर्मा, मोहित शर्मा, अनुज कौशिक, निखिल कौशिक, ईश्वर मित्तल आदि लोग मौजूद रहे।