नींदड़ू। आरएसएम इंटर काॅलेज धामपुर में आयोजित तीन दिवसीय 69वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में गांधी इंटर काॅलेज मनकुआ के छात्र-छात्राओं ने 70 पुरस्कार एवं सात चैंपियनशिप प्राप्त की है।
सोमवार को प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने बताया कि 25 से 27 सितंबर तक हुई खेलकूद प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की दौड़, कूद, गोला फेंक, भाला फेंक और हेमर थ्रो आदि प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए गांधी इंटर काॅलेज के खिलाड़ियों ने 37 प्रथम पुरस्कार, 23 द्वितीय और 10 तृतीय पुरस्कार जीते। काॅलेज को प्राप्त सात चैंपिनशिप में सब-जूनियर वर्ग में कुमारी यशी व हुजैफा, जूनियर वर्ग में कुमारी अंजलि, कुमारी स्वीटी व कुमारी निशु तथा सीनियर वर्ग में प्रिंस एवं अभिषेक को चैंपियन घोषित किया गया। काॅलेज को चैंपियन ट्रॉफी दी गई। प्रधानाचार्य ने विजयी प्रतिभागियों के काॅलेज लौटने पर पुरस्कृत कर उत्साह वर्धन किया तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।