धामपुर के गांव टपरौला के प्राइमरी स्कूल में भरा भरा गागन नदी का पानी।
- फोटो : DHAMPUR
प्राइमरी स्कूल में घुसा गागन नदी का पानी, फसलें भी जलमग्न
धामपुर। गांव टपरौला के प्राइमरी स्कूल और जूनियर हाईस्कूल में परिसर में गागन नदी का पानी घुस गया है। शिक्षकों को स्कूल जाने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
शिक्षक उदयवीर सिंह ने बताया कि स्कूल भवन पूरी तरह से टपकने लगा है। स्कूल के बाहर रास्ते में कई फीट पानी जमा है। ग्रामीणों का कहना है कि गागन नदी उफान पर है। पहाड़ों पर हो रही बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। उधर खो नदी का भी जलस्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। गांव मुहम्मदपुर सादा, उमरपुर, सुहागपुर के किसानों इंदर सिंह चौहान, मदन पाल सिंह, गोपाल सिंह का कहना है कि उनकी लहलहाती फसलों में खो नदी का पानी कई दिन से जमा है। फसलें बर्बाद हो गई है। प्रशासन सुनवाई नहीं कर रहा है। गागन में उफान आने से कडूला नदी में भी जल स्तर बढ़ गया है। गांव चाकरपुर में तालाबों में भरे पानी की निकासी न होने से किसानों के जंगल को जाने के रास्ते बंद हो गए है। गांव के लोगों ने पानी की निकासी कराने की मांग की है।
धामपुर के बीआरसी केंद्र कार्यालय परिसर में तीन दिन से बरसाती पानी जमा होने से स्टाफ को आने में परेशानी हो रही है। बीईओ योगेशपाल सिंह का कहना है कि पानी की निकासी न होने से दिक्कत आ रही है। सिंचाई विभाग के खंडीय और उप खंडीय कार्यालयों में पानी जमा होने से अधिकारी, कर्मचारी और आम जनता परेशान हो रही है।