गोवंश के अवशेष मिलने से रोष
शिवाला कलां/ बिजनौर। फीना धनौरा मार्ग पर गांव सरकथल के पास गोवंश के अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस अवशेषों को उठाकर ले गई। गोवध की सूचना पर पहुंचे गोरक्षा समिति के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने चौकीदार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार को सुबह खेत पर गए किसानों ने सड़क किनारे दो गायों के कटे सिर पड़े देखे तो वहां ग्रामीणाें की भीड़ लग गई। सूचना पर शिवाला कला थानाध्यक्ष पवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में सभी अवशेषों को मैजिक वाहन में लदवा कर ले गए। गोवंश के अवशेष पड़े होने की सूचना पर गोरक्षा समिति के जिलाध्यक्ष प्रशांत तोमर के नेतृत्व में कार्यकर्ता घटना स्थल पर पहुंचे और एसपी डा. धर्मवीर सिंह को सूचना दी। कुछ देर बाद सीओ चांदपुर शुभ सूचित, एसएचओ नूरपुर, एचएचओ शिवाला कलां मौके पर पहुंचे। प्रशांत तोमर ने सीओ चांदपुर से 24 घंटे के भीतर इस मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि जनपद में लगातार गोकशी की वारदात बढ़ती जा रही हैं लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। सीओ ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मामले में गांव मंझौला गुर्जर निवासी चौकीदार रमेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बरामद अवशेषों का पशु चिकित्साधिकारी फीना राकेश कुमार वर्मा ने नमूना लेकर जेसीबी से गड्ढा खोदकर दफना दिया।
इस दौरान मोहित कुमार, प्रियांशु, राहुल, पुष्पेंद्र कुमार, पिंटू, रेशपाल, रानू, राकेश चौहान, सोहन शर्मा, सचिन, पंकज शर्मा, परवेंद्र, महेश वर्मा, पुखराज जोशी, सतीश शर्मा आदि शामिल रहे।