आरएसएस के गांव आदमपुर में बनने वाले कार्यालय का मंत्रोच्चाण के साथ भूमि पूजन किया गया। क्षेत्रीय प्रचारक आलोक ने कार्यालय निर्माण के लिए नींव रखी। इसके बाद राष्ट्रीय जागरण समिति के बैनर तले राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम जगतराज को सौंपा गया। ज्ञापन में केरल व पश्चिम बंगाल में हिंदुओं पर हो रहे हमलों पर रोष जताया गया।
गांव आदमपुर में पंडित विनोद गोस्वामी ने मंत्रोच्चरण करते हुए यज्ञ कराया। पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व भाजपा नेताओं ने यज्ञ में आहुति प्रदान की। क्षेत्रीय प्रचारक आलोक ने देश व धर्म के लिए एकजुट रहने के लिए कहा। इसके बाद सभी पैदल ही शास्त्री चौक पहुंचे और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम जगतराज को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि केरल में मार्क्सवाद के समर्थक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों पर लगातार हमले कर रहे हैं। पी विजयन सरकार के सत्ता में आने के बाद इन हमलों की संख्या बढ़ गई है।
पिछले 11 महीनों में संघ के 19 कार्यकर्ताओं की हत्या की गई है और 100 से ज्यादा को घायल किया गया है। मुख्यमंत्री के गृह नगर कन्नूर में सबसे ज्यादा हमले हुए हैं। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार के कारण वहां हिंदुओं के लिए पर्व मनाना भी कठिन हो गया है।
तुष्टीकरण की राजनीति के कारण वहां कई स्थानों पर सरस्वती पूजन, रामनवमी, विजयदशमी आदि पर प्रतिबंध लगा दिए गए थे। कई जगह हिंदुओं पर बर्बर हमले हुए और सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के नेता भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहे।
इस दौरान सहप्रांत कार्यवाह जगेंद्र दत्त, बौद्धिक प्रमुख अजय, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य सुनील, संभाग संचालक बलराज, विभाग कार्यवाह मूलचंद, जिला संघ चालक टीसी अग्रवाल, विभाग प्रचार प्रमुख मयंक मयूर, प्रशांत महर्षि, विनीत कुमार, दीपक गर्ग आदि मौजूद रहे। भाजपा सांसद भारतेंद्र सिंह, विधायक अशोक राणा, सुशांत सिंह, लोकेंद्र चौहान, ओम कुमार, कमलेश सैनी भी मौजूद रहे।