नजीबाबाद में उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले नगर के कई सफाईकर्मियों ने चेयरमैन के खिलाफ प्रदर्शन किया। सफाईकर्मियों ने चेयरमैन पर कई आरोप लगाते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उधर, चेयरमैन ने आरोपों को गलत बताया। कहा कि सफाईकर्मियों द्वारा उन पर पालोमल कालोनी क्षेत्र में कूड़ी की जमीन वाल्मीकि समाज के लिए छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है।
उप्र सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष हरिओम, मंत्री नोरतू के नेतृत्व में नगरपालिका के कई सफाई कर्मचारियों ने वाटर वर्क्स से जुलूस निकाला। नगरपालिका कार्यालय, चौक बाजार, कल्लूगंज, अजमल खां रोड, डबल फाटक से होकर जुलूस तहसील पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने चेयरमैन मुअज्जम खां के खिलाफ नारेबाजी की। सफाईकर्मियों ने एसडीएम कार्यालय को ज्ञापन सौंपा।
समय से वेतन न देने, काम के लिए बारदाना न मिलने, सफाई कार्य के लिए रखे गए गैर जाति व बिरादरी के संविदाकर्मियों को कार्यालय से हटाकर सफाई कार्य पर न लगाने, संविदा सफाईकर्मियों को वर्दी, मास्क, दस्ताने न देने, पीएफ के नाम पर संविदा सफाई कर्मियों से काटे गए पैसे का हिसाब न देने का आरोप लगाया गया।
प्रदर्शनकारियों में सुमेर, संतलाल, चेतन, जितेंद्र, अशोक, त्रिलोक, सोमचंद सहित करीब 100 सफाईकर्मी शामिल रहे। उधर, चेयरमैन मुअज्जम खां ने सफाई कर्मियों के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि पालोमल कालोनी में कूड़ी को हटवाकर शासन द्वारा अनुमोदित कान्हा पशु आश्रम विकसित करने का काम शुरू किया गया है। वाल्मीकि समाज के लोग कूड़ी की जमीन पुरखों की होने का दावा कर रहे हैं, जबकि राजस्व रिकॉर्ड में जमीन नगरपालिका की है। वाल्मीकि समाज के लोगों द्वारा कूड़ी की जमीन उनके लिए छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है।
चेयरमैन ने ऐसा करने से दो टूक इंकार करते हुए कहा कि आबादी के बीच दूषित वातावरण नहीं रहने दिया जाएगा। कान्हा पशु आश्रम को विकसित कर उसमें आवारा पशुओं को पकड़कर रखा जाएगा। वाल्मीकि समाज के लोगों के कूड़ी डालने के लिए कोई दूसरा विकल्प तलाशने के प्रयास किए जाएंगे।