आज से जिला अस्पताल में फिर होगा आंखों का इलाज
बिजनौर। अब जिला अस्पताल में फिर से आंखों का इलाज शुरू हो जाएगा। इसके लिए ऑपरेशन थिएटर तैयार कर लिया गया है। देश में चल रही कोरोना महामारी के कारण लगभग तीन महीने से जिला अस्पताल में आंखों के ऑपरेशन नहीं हो रहे थे। वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. मनोज सेन के अनुसार दो जुलाई से ऑपरेशन शुरू होने की उम्मीद है।
आंखों की विभिन्न समस्याओं से परेशान मरीजों को अब इधर उधर भटकने की आवश्यकता नहीं होगी। मरीजों की इसी समस्या को दूर करने के लिए जिला अस्पताल में तीन महीने बाद आंखों के ऑपरेशन शुरू कर दिए जाएंगे। लॉकडाउन की अवधि में सब कुछ बंद था। अस्पतालों के भी बंद होने से लोगों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब छूट मिलने के बाद अस्पतालों को खोला गया तो रोगियों का उपचार भी शुरू कर दिया गया है। जिला अस्पताल के वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. मनोज सेन बताते हैं कि अब जिला अस्पताल में नेत्र रोगियों का उपचार शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि तीन महीनों तक अस्पताल में कोई भी ऑपरेशन नहीं किया गया था। अब शासन-प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए ऑपरेशन शुरू कर दिए जाएंगे। इस दौरान गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग और हाथों को सैनिटाइज करने के बाद ही रोगियों को अंदर प्रवेश दिया जाएगा। रोगियों के अंदर आने पर शारीरिक दूरी का पालन करवाते हुए परीक्षण किया जाएगा। जिन मरीजों के ऑपरेशन होने हैं, उनके दो जुलाई से ऑपरेशन भी किए जाएंगे।