बिजनौर। बिजनौर शहर के एक बालिका इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली दो सहेलियों को पुलिस ने ढूंढ निकाला। 23 दिन बाद दोनों छात्राएं लुधियाना से मिली, जिन्हें मंगलवार को बिजनौर लाया गया। एसपी ने एसओजी समेत पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया है। उधर दोनों किशोरियों के मिल जाने के बाद परिवार वालों ने राहत की सांस ली है।
कक्षा नौ और इंटर में पढ़ने वाली दोनों छात्राएं 15 नवंबर को स्कूल जाने के लिए निकली थी। जोकि स्कूल जाने के बजाए लापता हो गई। 18 नवंबर को इनकी गुमशुदगी दर्ज की गई। लड़कियों के गायब होने के बाद थाना शहर कोतवाली में कई दिनों तक धरना प्रदर्शन भी चला। यह मामला सोशल मीडिया भी छाया रहा। दोनों लड़कियां अलग-अलग समुदाय की वजह से तरह तरह की तमाम चर्चाएं भी चल रही थी। माहौल गरमाने पर एसपी अभिषेक झा ने सहारनपुर से बांद्रा तक 67 रेलवे स्टेशन पर दो दो पुलिसकर्मियों की टीम तैनात कर दी थी।
आखिरकार लुधियाना से इन्हें खोज निकाला गया। जिन्हें पुलिस ने वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है। बुधवार आज दोनों के कोर्ट में बयान दर्ज कराएं जाएंगे। मंगलवार को एसपी ने बताया कि दोनों लड़कियां स्वतंत्र तरीके से जीवन गुजारने के लिए घर से चलीं गई थीं। बताया कि कक्षा नौ में पढ़ने वाली छात्रा अपने परिवार वालों की रोक-टोक के चलते घर से निकलीं जबकि इंटर की छात्रा का परिवार उसे आगे पढ़ाने के बजाए शादी करने पर जोर दे रहा था।